कोरबा, 27 जून । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चीतापाली में बीती रात जमीन-जायदाद के बंटवारे को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक रूप ले लिया। बंटवारे से इनकार करने पर एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी, जबकि पिता पर भी जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित रात में ही घर से फरार हो गया। पूरी रात महिला का शव घर में ही पड़ा रहा। शनिवार सुबह घटना की जानकारी उरगा थाना प्रभारी एसआई नवीन पटेल को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराकर मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित रामकुमार यादव (32 वर्ष) की तलाश शुरू की और ग्राम अंजोरीपाली से उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतका जानकुंवर यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि घायल श्याम लाल यादव का उपचार कराया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव (72वर्ष ) अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पत्नी और बच्चों के साथ कोरबा में अलग रहता है, जबकि छोटा बेटा रामकुमार यादव, जो दिव्यांग है और चलने के लिए लाठी का सहारा लेता है, माता-पिता के साथ गांव में रहता था। रामकुमार लंबे समय से परिवार की जमीन और संपत्ति का बंटवारा कराने की मांग कर रहा था। हालांकि उसके माता-पिता फिलहाल बंटवारा करने के पक्ष में नहीं थे। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच घर में फिर विवाद शुरू हो गया।
विवाद के दौरान गुस्से में आकर रामकुमार ने अपने सहारे के लिए इस्तेमाल की जाने वाली लाठी से मां जानकुंवर यादव (70वर्ष ) के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपित ने अपने पिता श्याम लाल यादव पर भी लगातार लाठी से हमला कर दिया। हमले में उनका पैर टूट गया, जबकि हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।
प्रारंभिक जांच
में सामने आया है कि आरोपित पूर्व में भी अपने माता-पिता के साथ मारपीट कर चुका
था। फिलहाल पुलिस मामले में हत्या, हत्या के प्रयास
और अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है। घटना के
बाद ग्राम चीतापाली में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण इस हृदयविदारक वारदात से
स्तब्ध हैं।





