हुगली, 20 अगस्त (हि. स.)। शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को श्रीरामपुर थाना, दमकल विभाग और श्रीरामपुर नगरपालिका के संयुक्त तत्वावधान में शहर के विभिन्न गेस्ट हाउस और होटलों में अभियान चलाकर अग्नि सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने यह देखा कि संबंधित होटल और गेस्ट हाउस में आग लगने की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त फायर सेफ्टी उपकरण और आपातकालीन व्यवस्था मौजूद है या नहीं। इसके साथ ही आग बुझाने के उपकरणों की स्थिति तथा आपात स्थिति में बचाव एवं निकासी की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
जांच के दौरान विशेष रूप से यह देखा गया कि प्रतिष्ठानों के पास फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट वैध और अपडेटेड है या नहीं। अधिकारियों ने संबंधित संचालकों से अग्नि सुरक्षा से जुड़े दस्तावेज भी देखे और नियमों के पालन की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई का उद्देश्य होटल और गेस्ट हाउस में ठहरने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा किसी भी संभावित अग्निकांड की स्थिति में नुकसान को कम करना है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय



