कोलकाता, 20 अगस्त (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में लगातार सामने आ रही आग की घटनाओं के बीच गुरुवार सुबह बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के महिला छात्रावास में आग लगने से हड़कंप मच गया। छात्रावास के एक कमरे से अचानक धुआं निकलता देख वहां रहने वाली छात्राएं घबरा गईं। तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, सुबह करीब आठ बजे एनटीएस भवन में छात्राओं के एक कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही अस्पताल की बिजली विभाग की टीम और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। अस्पताल प्रशासन की तत्परता और दमकलकर्मियों की तेजी से आग को 10 से 15 मिनट के भीतर नियंत्रित कर लिया गया।
दमकल विभाग के अनुसार, आग में कमरे के कुछ फर्नीचर, कपड़े और जरूरी दस्तावेज जल गए। हालांकि आग के तेजी से फैलने से पहले ही उसे नियंत्रित कर लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह बिजली के तारों में शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि दमकल और अस्पताल प्रशासन की ओर से आग के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
अस्पताल की उप अधीक्षक निवेदिता मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे छात्राओं के एक कमरे से धुआं दिखाई दिया। इसके तुरंत बाद बिजली विभाग और दमकल की टीम को सूचना दी गई। करीब 10 से 15 मिनट में आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य है और एहतियात के तौर पर पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर



