पश्चिम मेदिनीपुर, 17 अगस्त (हि. स.)। जिले के घाटाल थाना अंतर्गत रानीरबाजार इलाके में एक मकान में लंबे समय से देह व्यापार चलाए जाने का आरोप लगा है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद रविवार शाम पुलिस ने मकान में अभियान चलाकर एक युवक और युवती को हिरासत में लिया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मकान के कमरे कुछ घंटों के लिए युवक-युवतियों को किराये पर दिए जाते थे। कई बार आपत्ति जताने के बावजूद स्थिति में बदलाव नहीं हुआ। रविवार को पांशकुड़ा से एक युवती अपने साथी के साथ वहां पहुंची। ग्रामीणों ने मकान को घेरकर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई।
पुलिस के अनुसार, युवक-युवती मकान मालिक के परिवार से अपने संबंध का प्रमाण नहीं दे सके। रुपये के बदले कमरे का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। मकान में देह व्यापार चल रहा था या नहीं और इसमें अन्य लोग शामिल हैं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता




