सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (हि. स.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सिलीगुड़ी दौरे को लेकर कावाखाली मैदान में तैयारियां तेज हो गई हैं। बुधवार को एडीजी सीएम सिक्योरिटी मनोज वर्मा और सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नर सैयद वकार रजा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। इससे पहले मंगलवार को राज्य पुलिस के डीजीपी सिद्धिनाथ गुप्ता ने भी कावाखाली मैदान पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। कावाखाली मैदान में भारतीय न्याय संहिता और नए आपराधिक कानूनों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए पांच दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 21 अगस्त को करेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे। अमित शाह के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग और अन्य सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा में किसी तरह की कमी न रहने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार




