भुवनेश्वर, 22 जून । तमिलनाडु के तिरुवल्लुर में हुए अमोनिया गैस रिसाव हादसे पर ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायल ओड़िया श्रमिकों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि इस हादसे से वे अत्यंत व्यथित हैं। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि ओडिशा सरकार प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्य सरकार लगातार तमिलनाडु प्रशासन के संपर्क में है और प्रभावित ओड़िया श्रमिकों की स्थिति पर नजर बनाए हुए है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर ओडिशा की मुख्य सचिव अनु गर्ग ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव से बातचीत कर घायल श्रमिकों के समुचित उपचार तथा अन्य आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने पर चर्चा की।
इस बीच, प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को आवश्यक सहयोग प्रदान करने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने के लिए ओडिशा सरकार के तीन वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल तिरुवल्लुर भेजा गया है। ये अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत एवं सहायता कार्यों की निगरानी करेंगे और जरूरतमंद श्रमिकों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराएंगे।
ओडिशा सरकार ने भरोसा दिलाया है कि संकट की इस घड़ी में प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।





