द्वारका जिले के भरथल गांव में करीब चार महीने पहले शादी हुई 30 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की पहचान नाजिया खानम के रूप में हुई है। वह रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के पद पर तैनात थीं। शुरुआत में परिवार ने ससुराल पक्ष पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया था, लेकिन अगले दिन मायके वालों ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ शिकायत दी। इसके बाद सेक्टर-23 द्वारका थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त को शाम करीब 4:21 बजे भरथल गांव में महिला की मौत की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए मिली थी। सूचना मिलते ही एसआई सतपाल डागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर संबंधित एसडीएम को सूचना दी और जरूरी कानूनी प्रक्रिया के बाद शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया।
द्वारका जिले के पुलिस उपायुक्त कुशलपाल सिंह ने रविवार को बताया कि मृतका नाजिया खानम, तवाब खान की बेटी थीं। उनकी शादी 11 अप्रैल 2026 को मोहम्मद आजम अली खान के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह अपने वैवाहिक घर में रह रही थीं और रक्षा मंत्रालय में सहायक अनुभाग अधिकारी के तौर पर काम कर रही थीं। महिला की मौत के बाद 21 अगस्त को उसके परिवार के सदस्य कार्यकारी मजिस्ट्रेट के सामने पेश हुए और अपने बयान दर्ज कराए। पुलिस के अनुसार, उस समय दिए गए बयान में परिवार ने महिला के पति या ससुराल के किसी सदस्य पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया था।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को मृतका के माता-पिता दोबारा एसडीएम के सामने पहुंचे और एक शिकायत दी। इसमें उन्होंने महिला के पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों पर आरोप लगाए। शिकायत में सामने आए तथ्यों के आधार पर सेक्टर-23 द्वारका थाने में 22 अगस्त को प्राथमिकी संख्या 214/2026 दर्ज की गई। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 85 और 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान सामने आने वाले साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



