डूंगरपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की प्रदेशाध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री ममता भूपेश के आह्वान पर नागौर जिले के डांगावास हत्याकांड के पीड़ित परिवारों को निष्पक्ष न्याय दिलाने की मांग को लेकर मंगलवार को अनुसूचित जाति विभाग, डूंगरपुर के जिलाध्यक्ष एडवोकेट सुखदेव यादव के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया तथा जिला कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में डांगावास पीड़ित परिवारों को न्याय दो और संविधान का सम्मान न्याय की पहचान जैसे सामाजिक न्याय के नारे लगाए।
राज्यपाल को भेजे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने मामले के कानूनी एवं जांच संबंधी पहलुओं की उच्चस्तरीय समीक्षा करने, सक्षम न्यायालय में प्रभावी अपील दाखिल करने, पीड़ित परिवारों की समुचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उन्हें उचित आर्थिक मुआवजा देने की प्रमुखता से मांग की है।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे एडवोकेट सुखदेव यादव ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने कहा, हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति या वर्ग विशेष को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि संविधान और कानून के दायरे में रहकर निष्पक्ष न्याय सुनिश्चित कराना है। जब तक पीड़ितों को न्याय नहीं मिल जाता, कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उनकी आवाज उठाती रहेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के कई दिग्गज कांग्रेसी नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा, पूर्व राज्यमंत्री डॉ. शंकर यादव, पूर्व राज्यमंत्री असरार अहमद, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रियकांत पंड्या, संगठन महासचिव नारायण पंड्या, विधायक प्रत्याशी राकेश रोत, उपाध्यक्ष बंशीलाल साद, वरिष्ठ नेता नानूराम माली, केवीएस अध्यक्ष रतनलाल पाटीदार, सेवादल जिलाध्यक्ष उर्मिला अहारी, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश यादव एवं एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष रितेश भगोरा सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे।




