रांची, 11 अगस्त । झारखंड लो सेवा आयोग (जेपीएससी) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई और कथित लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आहूत बंद का मंगलवार को राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में सुबह से असर देखने को मिल रहा है। बंद के समर्थन में भाजपा नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।
राजधानी रांची में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर और लकड़ी जलाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। रातू रोड, किशोरगंज चौक और हरमू चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर सड़क की एक लेन को अवरुद्ध कर दिया। इससे इन इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ।
हरमू चौक पर कुछ कार्यकर्ता जेसीबी पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए इस्तीफे की मांग की। वहीं किशोरगंज चौक पर भी कार्यकर्ताओं ने टायर और लकड़ी जलाकर विरोध जताया।
बंद के कारण राजधानी में आम दिनों की तुलना में सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम नजर आई। कई प्रमुख मार्गों पर सुबह से ही प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
इधर, झारखंड बंद को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के संवेदनशील इलाकों, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित प्रदर्शन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
भाजपा ने जेपीएससी और जेएसएससी अभ्यर्थियों के विधानसभा घेराव के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि छात्रों के आंदोलन को दबाने के बजाय उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।





