जोधपुर, 21 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा में साइबर थाना नारनौल पुलिस ने वर्क फ्रॉम होम के नाम पर कमाई का झांसा देकर टेलीग्राम टास्क के जरिए 7.13 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में जोधपुर से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। आरोपित मानपुरा, जोधपुर निवासी विक्रम को गिरफ्तार कर हरियाणा ले जाया गया है।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि इस संबंध में चरखी दादरी के बरसाना निवासी आनंद ने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार जुलाई 2024 में आनंद के व्हाट्सऐप पर एक अज्ञात नंबर से वर्क फ्रॉम होम के जरिए कमाई का संदेश आया। रुचि दिखाने पर उसे करीब एक हजार रुपए निवेश कर ऑनलाइन टास्क पूरा करने के लिए कहा गया। टास्क पूरा होने पर उसे करीब 1,300 रुपये वापस मिले, जिससे उसका भरोसा जीत लिया गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया।
ग्रुप में लगातार नए-नए ऑनलाइन टास्क दिए गए और अधिक मुनाफे का लालच देकर निवेश की राशि बढ़वाई गई। शुरुआत में कुछ रकम वापस कर विश्वास कायम रखा गया, लेकिन बाद में शिकायतकर्ता से कुल 7,13,524 रुपये की ठगी कर ली गई। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना नारनौल पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित विक्रम को जोधपुर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस साइबर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपिताें की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश




