जिरीबाम (असम), 21 अगस्त । मणिपुर के जिरीबाम जिले में सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर छह लोगों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 9.412 किलोग्राम संदिग्ध याबा टैबलेट तथा 177 ग्राम संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 पाउडर बरामद किया।
पुलिस द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, 20 अगस्त को बराक नदी के किनारे टिपिडोर और चौधरीखाल गांवों के आसपास असामाजिक तत्वों की आवाजाही की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद बोरोबेकरा पुलिस स्टेशन, 39वीं असम राइफल्स और 20वीं बटालियन सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान टिपिडोर गांव के पास स्थानीय नाव से यात्रा कर रहे छह लोगों को रोककर हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान एल्बेथेल लुंगटाऊ, पाना हमार, डेंथार हमार, लालतियुंगलियन हमार, लाल रामथार हमार और थौना हमार के रूप में हुई है। मामले में आगे की जांच जारी है।




