नोएडा, 21 अगस्त (हि.स.)। थाना सेक्टर -39 पुलिस ने आज तड़के चार शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने विभिन्न जगहों से चोरी की हुई 12 मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक कार और चाकू बरामद किया है।
थाना सेक्टर- 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि उपनिरीक्षक सतनाम सिंह ने आज तड़के एक सूचना के आधार पर रवि प्रताप पुत्र मकरान सिंह, विमल शाह उर्फ सूर्या पुत्र आनंद, प्रशांत सिंह पुत्र आदेश सिंह और दीपांशु पुत्र सत्येंद्र सिंह को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इनकी निशानदेही पर विभिन्न जगहों से चोरी की हुई 12 मोटरसाइकिल, घटना में प्रयुक्त एक वैगनआर कार और अवैध हथियार बरामद हुआ है। इनकी गिरफ्तारी गोदरेज बिल्डिंग के पास से हुई है। इन बदमाशों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया है कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद सहित एनसीआर के विभिन्न जगहों से चोरी की है। इन बदमाशों ने वाहन चोरी की दर्जनों वारदातें करनी स्वीकार की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी




