वॉशिंगटन, 25 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में मौजूद सभी समुद्री सुरंगों को अमेरिकी नौसेना ने हटा दिया है। साथ ही उन्होंने ईरान को चेतावनी दी कि इस अहम समुद्री मार्ग में दोबारा सुरंगें बिछाने वाले किसी भी जहाज या नौका को तत्काल और व्यवस्थित तरीके से नष्ट कर दिया जाएगा।
ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर कहा कि अमेरिकी नौसेना ने उन्हें हॉर्मुज जलडमरूमध्य से सभी समुद्री सुरंगें हटाए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने दावा किया कि ईरान को भी स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया है कि नई समुद्री सुरंगें बिछाने के किसी भी प्रयास पर अमेरिका की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू होगी।
ट्रंप के अनुसार, अमेरिकी स्पेस फोर्स इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग के साथ ही ईरान के परमाणु ठिकानों की भी निगरानी कर रही है।
अमेरिका के इस दावे और नई चेतावनी के बाद हॉर्मुज में तनाव और बढ़ सकता है, क्योंकि यह मार्ग पहले से ही क्षेत्रीय संघर्ष और समुद्री सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताओं के केंद्र में बना हुआ है।
उल्लेखनीय है कि हॉर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग है। उपलब्ध अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को इस मार्ग से तेल परिवहन करीब 50 लाख बैरल प्रतिदिन रहा, जो संघर्ष शुरू होने से पहले के 2 करोड़ बैरल प्रतिदिन से काफी कम है। इससे अंतरराष्ट्रीय तेल आपूर्ति और वैश्विक व्यापार पर दबाव बढ़ने की आशंका बनी हुई है।
------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय
