देवरिया, 20 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही और त्रुटियां पाए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने चार अधिकारियों को गुरुवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की गई। जांच में भूमिगत नाली निर्माण से संबंधित प्रकरण में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), बरहज के स्तर पर लापरवाही पाई गई। इसी तरह प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े प्रकरण में खंड विकास अधिकारी, भटनी से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
ग्राम पंचायत में साफ-सफाई से संबंधित दो प्रकरणों के त्रुटिपूर्ण निस्तारण पर सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), भटनी को नोटिस जारी किया गया है। वहीं नाली निर्माण की मांग से संबंधित प्रकरण में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), भागलपुर से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान कराते हुए स्पष्ट और संतोषजनक रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि यदि नोटिस का संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक




