फर्रुखाबाद, 10 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में कायमगंज कोतवाली क्षेत्र में गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन से परिवार के साथ लखनऊ ऐशबाग जा रहे 73 वर्षीय बुजुर्ग की सोमवार को ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जनपद के थाना कोतवाली क्षेत्र निवासी रामदास गुप्ता (73) पुत्र बिहारी लाल गुप्ता अपने परिवार के साथ जयपुर से लखनऊ ऐशबाग जाने के लिए गोमती नगर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार होकर आ रहे थे। गाड़ी के कायमगंज रेलवे स्टेशन पहुंचने पर परिवार के लोग ट्रेन में सो रहे थे। इसी दौरान बुजुर्ग रामदास ट्रेन से नीचे उतर गए।
बताया जा रहा है कि ट्रेन के चलते ही बुजुर्ग रामदास उसे पकड़ने के प्रयास में ट्रेन के पीछे-पीछे दौड़ने लगे। इसी दौरान पितौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। फर्रुखाबाद-कासगंज पैसेंजर ट्रेन से पितौरा रेलवे क्रॉसिंग के पास व्यक्ति के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना रेलवे अधिकारियों को मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी एवं आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में ले लिया।
जीआरपी के दीवान सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी गाड़ी के फर्रुखाबाद स्टेशन के आसपास पहुंचने पर हुई। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, जिसके बाद उन्हें उक्त हादसे की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बुजुर्ग का शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बेहाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्टेशन मास्टर रामचंद्र प्रसाद एवं शोभित मिश्र ने भी घटना की सूचना जीआरपी को दिए जाने की पुष्टि की। हादसे के बाद रेलवे स्टेशन से लेकर पितौरा क्रॉसिंग तक लोगों में घटना को लेकर चर्चा बनी रही।




