गाेरखपुर, 11 अगस्त । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने गोरखपुर प्रवास के दौरान मंगलवार को यहां 70 करोड़ की लागत से तैयार दो विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने एनएच-24 सोनौली-नौतनवा-गोरखपुर मार्ग से ग्रीन सिटी कॉलोनी और पटनिया होते हुए माधोपुर बंधा तक 2-लेन मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण किया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज इस मार्ग के पूरा होने के अवसर पर क्षेत्र के लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। यह लगभग दो किलोमीटर का मार्ग है। इससे आवागमन आसान हुआ है। इस क्षेत्र में बहुत पहले से लोग रह रहे थे। उनके लिए आने-जाने में दिक्कत होती थी। सकरा मार्ग होने के नाते ट्रक, ट्राली आदि वाहन भी नहीं जा पाते थे। यहां पर कई स्कूल बने हैं। अब यहां के लोगों को दूर घूम कर नहीं जाना पड़ेगा। लखनऊ जाने के लिए भी रास्ता आसान होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब गोरखपुर बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। विकास के ढेर सारे कार्य गोरखपुर को नई पहचान दिला रहे हैं। आज फ्लाईओवर बन रहे हैं। बहुत से बनकर तैयार हो गये हैं। यह सब इसलिए है क्योंकि आपका जीवन अच्छा हो।
इस मौके पर स्थानीय सांसद रवि किशन शुक्ला, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, विधायक फतेहबहादुर सिंह, प्रदीप शुक्ला समेत अन्य नेतागण मौजूद रहे।




