नई दिल्ली, 25 अगस्त (हि.स.)। शाहदरा जिले के कांति नगर इलाके में एक युवक ने पत्नी से चल रहे विवाद के कारण नाले में छलांग लगा दी। युवक की मां उसको बचाने के लिए उसके पीछे चिल्लाती हुई आ रही थी। इससे पहले कि मां बेटे को बचा पाती उसने गहरे नाले में छलांग लगा दी। युवक के कूदते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
फौरन मामले की सूचना पुलिस को दी गई। बाद में गोताखोरों को मौके पर बुला लिया गया। काफी मशक्कत के बाद नसीम खान (30) नामक युवक को अचेत अवस्था में नाले से निकाला गया। बाद में उसे डॉ.हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा।
शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि नसीम का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। पत्नी बच्चों को लेकर उससे अलग रहती थी। सोमवार को मां से बातचीत के दौरान अचानक नसीम गुस्से में आत्महत्या के लिए निकला। इससे पहले की मां उसे बचा पाती, उसने नाले में छलांग लगा दी। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि नसीम अपने परिवार के साथ सरताज मोहल्ला, गली नंबर-6, कांति नगर, कृष्णा नगर में रहता था। इसके परिवार में पिता ताज मोहम्मद उर्फ जलील अहमद, मां जुबेदा खातून के अलावा पत्नी अमरीन व तीन बच्चे हैं। नसीम गांधी नगर में ही एक जींस फैक्टरी में काम करता था।
पिछले कुछ समय से नसीम का अपनी पत्नी से विवाद चल रहा था। अमरीन ने उससे अलग रहना शुरू कर दिया था। इस बात से नसीम काफी परेशान रहता था। सोमवार को वह अपनी मां से पत्नी और बच्चों के बारे में बात रहा था। इस बीच बातचीत के दौरान अचानक वह मरने की बात कर घर से निकल गया।
बूढ़ी मां बेटे को बचाने के लिए उसे पीछे-पीछे भागी। नसीम के घर से कुछ ही दूरी पर कांति नगर का बड़ा नाला है। घर से निकलने के बाद वह नाले में कूद गया। कई घंटों की मशक्कत के बाद उसका शव निकाला गया। पुलिस ने मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद नसीम का शव परिवार के हवाले कर दिया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी



