झाड़ग्राम, 10 अगस्त (हि. स.)। कानून तोड़ो और जेल भरो कार्यक्रम को लेकर सोमवार को झाड़ग्राम में तनाव की स्थिति बन गई। वामपंथी केंद्रीय श्रमिक संगठनों की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत झाड़ग्राम के रवीन्द्र पार्क से जुलूस निकाला गया। जुलूस झाड़ग्राम के अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) के कार्यालय पहुंचा।
आरोप है कि कार्यालय परिसर में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की लोहे की बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो दोनों पक्षों के बीच काफी धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बांस की बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने का प्रयास किया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए झाड़ग्राम थाने की पुलिस ने सात आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किया। घटना के बाद एसडीओ के कार्यालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
हालांकि, कुछ देर बाद पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी सात आंदोलनकारियों को रिहा कर दिया। इसके बाद आंदोलनकारियों ने गिरफ्तार सात कार्यकर्ताओं को माला पहनाकर सम्मानित किया। बाद में आंदोलनकारियों ने सोमवार के कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।
दूसरी ओर मेदिनीपुर शहर में भी वामपंथी संगठनों ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में 20 सूत्री मांगों को लेकर मेदिनीपुर में भी जोरदार विरोध मार्च निकाला। कानून तोड़ो और जेल भरो आंदोलन के तहत प्रदर्शनकारियों ने जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में ज्ञापन सौंपा। आंदोलनकारियों ने केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करते हुए विभिन्न मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की।



