सेंट्रल दिल्ली के बल्लेबाज युगल सैनी ने खेली 91 रन की तूफानी पारी
नई दिल्ली, 10 अगस्त । युगल सैनी की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के 19वें मुकाबले में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज को चार विकेट से रोमांचक शिकस्त दी।
अरुण जेटली स्टेडियम में रविवार रात खेले गए मुकाबले में 221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने 19.4 ओवर में छह विकेट पर 222 रन बनाकर दो गेंद शेष रहते जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स के गेंदबाज साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज के बल्लेबाजों को रोकने में नाकाम रहे। साउथ दिल्ली ने 20 ओवर में छह विकेट पर 220 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। विकेटकीपर बल्लेबाज तेजस्वी दहिया ने 31 गेंदों में आठ छक्कों और एक चौके की मदद से 69 रन की विस्फोटक पारी खेली। कप्तान आयुष बडोनी ने 25 गेंदों में 44 रन बनाए, जबकि सलामी बल्लेबाज सनत सांगवान ने 23 गेंदों में 38 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
सेंट्रल दिल्ली किंग्स की ओर से मनी ग्रेवाल सबसे किफायती गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। गवनीश खुराना ने भी दो विकेट हासिल किए, हालांकि उन्होंने 40 रन खर्च किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट्रल दिल्ली किंग्स को शुरुआती ओवर में ही झटका लगा और कप्तान यश ढुल सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद युगल सैनी ने पारी को पूरी तरह बदल दिया। उन्होंने 45 गेंदों में नौ चौकों और छह गगनचुंबी छक्कों की मदद से 91 रन की शानदार पारी खेली।
सैनी ने केशव डाबास के साथ चौथे विकेट के लिए 96 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की। डाबास ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए। इसके बाद सैनी ने वंश बेदी के साथ भी 48 रन की तेज साझेदारी कर टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। वंश बेदी 13 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्ज की ओर से अंशुमान हुड्डा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 33 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। हालांकि, सेंट्रल दिल्ली किंग्स के बल्लेबाजों ने अंतिम ओवरों में धैर्य बनाए रखा और 19.4 ओवर में छह विकेट पर 222 रन बनाकर चार विकेट से रोमांचक जीत दर्ज कर ली।




