प्रयागराज एसटीएफ की टीम ने झांसी में दर्ज मुकदमे में वांछित आरोपी को पकड़ा
प्रयागराज, 24 अगस्त (हि.स.)। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बरेली से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान युसुफ अंसारी उर्फ आसिफ अंसारी पुत्र जकाउद्दीन अंसारी, निवासी ग्राम धिलौरा बलिया, थाना भमौरा, जनपद बरेली के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह ने साेमवार काे बताया कि आरोपित के खिलाफ झांसी जनपद के मोठ थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/20/29 के तहत मुकदमा दर्ज है। आरोपित की गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित था।
एसटीएफ टीम ने आरोपित को 24 अगस्त को बरेली के नेशनल हाईवे स्थित चांदपुर बलिया रोड तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। टीम को सूचना मिली थी कि आरोपित बरेली में कहीं छिपकर रह रहा है। इसके बाद घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मध्य प्रदेश के नीमच और राजस्थान से गांजा लाकर प्रयागराज, छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर बेचता था। आरोपित ने यह भी बताया कि वर्ष 2025 में उसने अपने साथी राहुल कुमार, जय प्रकाश और पवन पांडेय के साथ मिलकर डीसीएम में मछली के दाने की बोरियों के बीच गांजा छिपाकर ले जाया था।
इस दौरान पुलिस ने डीसीएम से गांजा बरामद किया था। इस मामले में थाना मोठ, जनपद झांसी में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपित तभी से फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
एसटीएफ की पूछताछ में आरोपित ने अपने आपराधिक इतिहास की भी जानकारी दी। उसके खिलाफ बांदा के कोतवाली नगर थाने में वर्ष 2024 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा झांसी के मोठ थाने में वर्ष 2025 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपित को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना मोठ, जनपद झांसी में दाखिल किया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल





