प्रयागराज, 24 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के पीपलगांव में गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क जमीन पर प्लॉटिंग कर कब्जा देने की कोशिश के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम शाह उर्फ पीपलगांव, परगना एवं तहसील सदर की खतौनी वर्ष 1430-1435 फसली के खाता संख्या 134 में दर्ज करीब 0.4680 हेक्टेयर जमीन को लेकर विवाद है। आरोप है कि इस जमीन के एक हिस्से को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत पहले ही कुर्क किया जा चुका है।
शिकायत के मुताबिक मो. नसरत पुत्र मो. मियां, मो. मुस्लिम पुत्र मो. मियां और उनके सहयोगी मो. आफताब अहमद ने अन्य आराजियों के नाम पर जमीन का विक्रय कर कुर्क आराजी में करीब 1115 वर्ग मीटर हिस्से पर कब्जा देने का प्रयास किया। शिकायतकर्ता के अनुसार उक्त जमीन पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
22 अगस्त 2026 को प्रशासन की मौजूदगी में संबंधित जमीन पर बने प्लॉटों का ध्वस्तीकरण भी कराया गया था। इसके बाद मामले में एयरपोर्ट थाने में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
पुलिस उपायुक्त नगर सागर जैन ने बताया कि कुर्क संपत्ति पर अवैध रूप से प्लॉटिंग कर कब्जा दिलाने के प्रयास की शिकायत पर एयरपोर्ट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक परितोष यादव को सौंपी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में संबंधित दस्तावेजों, जमीन की स्थिति और आरोपियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है। जमीन की खरीद-फरोख्त और कुर्क संपत्ति पर कब्जे के प्रयास से जुड़े अन्य तथ्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल




