मीरजापुर, 24 अगस्त (हि.स.)। अहरौरा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 334 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 64 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में प्रयुक्त अपाचे बाइक को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार को अहरौरा थाना टीम क्षेत्र में संदिग्धों और मादक पदार्थ तस्करों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सलीम पुत्र अजीमुल्ला निवासी राजगढ़, लक्की सोनकर पुत्र राजू सोनकर निवासी बभनौली, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र तथा इद्दू आमीन अहमद पुत्र स्व. जमील अहमद निवासी नई बस्ती, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र के रूप में हुई है।
पुलिस ने बरामद हेरोइन और आरोपितों को कब्जे में लेकर अहरौरा थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के माध्यम से जेल भेजने की प्रक्रिया की गई।
मादक पदार्थ की तस्करी में इस्तेमाल अपाचे मोटरसाइकिल संख्या यूपी 63 एएक्स 7371 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में हुई। टीम में उप निरीक्षक महेंद्र कुमार, उप निरीक्षक आशीष कुमार सिंह सहित अहरौरा थाना पुलिस शामिल रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा





