
फिरोजाबाद, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने सोमवार देर रात्रि थाना रामगढ़ क्षेत्रान्तर्गत हुई हत्या के मामले में वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। गिरफ्तार अभियुक्त ने कुकर्म करने का विरोध करने पर युवक की हत्या की थी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 23 अगस्त को मोहम्मद हसन पुत्र सिद्दीकी अहमद निवासी चिश्ती नगर थाना रामगढ़ के नगला गुलरिया, थाना रामगढ़ में निर्माणाधीन मकान के अंदर एक अज्ञात शव नग्न अवस्था में पड़ा मिला था। जिसकी शिनाख्त कमल निवासी नगला केसरी थाना एत्मादपुर जनपद आगरा के रूप में की गई थी। मृतक के पिता ने थाने पर हत्या का मुकदमा आकाश पुत्र श्याम सिंह निवासी नगला गुलरिया थाना रामगढ़ के विरुद्ध दर्ज कराया था। पुलिस हत्यारोपी की तलाश कर रही थी।
उन्होंने बताया कि थाना रामगढ़ प्रभारी संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त आकाश सांती रोड़ पर छिपता हुआ घूम रहा है। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम के ऊपर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। घायल अभियुक्त की पहचान वांछित अभियुक्त आकाश के रुप में हुई है। अभियुक्त आकाश के कब्जे से 01 तमंचा, 02 खोखा, 02 जिन्दा कारतूस 315 बोर, मृतक कमल का मोबाइल फोन, मृतक के कपड़े व घटना के समय प्रयुक्त लोडर टिर्री बरामद हुए है।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त आकाश ने बताया कि 22 अगस्त की रात्रि में मृतक कमल द्वारा अभियुक्त से नगला गुलरिया तक लिफ्ट मांगी गई थी जहां पहुँचने के बाद अभियुक्त द्वारा मृतक के साथ कुकर्म करने का प्रयास किया गया, जिसका मृतक कमल ने विरोध किया। इसी विरोध से क्षुब्ध होकर अभियुक्त ने मृतक की सर में ईंट मार कर उसकी हत्या कर दी तथा मृतक के शव को नग्न अवस्था में छोड़कर मौके से भाग गया।
एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़



