लखनऊ, 11 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम थाना क्षेत्र में बीते दिनों एक घर में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने मंगलवार काे खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो चोरों को गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों में से एक के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी, नकबजनी एवं गैंगस्टर एक्ट सहित कई अभियोग पंजीकृत हैं।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) अमित कुमार आनंद ने पत्रकाराें काे बताया कि पांच अगस्त काे जानकी विहार के राम विहारी मार्ग निवासी रामनरेश के घर ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवर चोरी कर ले गये हैं। पीड़ित ने इस मामले में चोरी की शिकायत दर्ज करायी थी। विवेचना कर रहे उपनिरीक्षक विकास सिंह ने सर्विलांस, क्राइम टीम ने कार्रवाई करते हुए बाराबंकी निवासी मो. शोएब उर्फ सुहेल और रवि रावत उर्फ शाका को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 26 लाख रुपये कीमत की भारी मात्रा में ज्वैलरी और 3 लाख 97 हजार रुपये नकद बरामद हुआ है। इसके अलावा चोरी की रकम से खरीदी गई क्लासिक बुलेट मोटरसाइकिल एवं घटना में प्रयुक्त होंडा मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
थाना प्रभारी विनोद कुमार तिवारी ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त शातिर चोर हैं। ये लोग बंद मकानों की रेकी कर ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण एवं नकदी चोरी करते है। चोरी के माल एवं नकदी को आपस में बांटकर, चोरी की रकम से वाहन आदि खरीदे जाते थे।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक




