सोनभद्र, 25 अगस्त (हि.स.)। हाथीनाला थाना क्षेत्र में स्थानीय पुलिस व एएनटीएफ यूनिट लखनऊ की संयुक्त कार्रवाई में ओड़िशा के सम्बलपुर से एक एम्बुलेंस में अवैध तरीके से गांजा लादकर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर ले जा रहे एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। एम्बुलेंस से 81 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अनुमानित कीमत 41 लाख रूपए आंकी गई है।
एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने मंगलवार को बताया की एएनटीएफ यूनिट लखनऊ एवं थाना हाथीनाला पुलिस की संयुक्त टीम रात में हाथीनाला दुद्धी मार्ग पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पश्चिमी बंगाल में रजिस्ट्रर्ड एक संदिग्ध एम्बुलेंस वाहन को रोककर तलाशी ली गई। वाहन के केबिन के फर्श में एल्यूमिनियम की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त कैबिनेट से 36 टेपशुदा बंडलों में कुल 81 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। अभियुक्त के पास से एक मोबाइल, नगद रूपये बरामद किया गया। पुलिस टीम ने इस मामले में पश्चिमी बंगाल के मुर्शिदाबाद जिला निवासी समीर सरकार को गिरफ्तार किया है।
एडीशनल एसपी ने बताया की गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उक्त गांजा एक व्यक्ति द्वारा उड़ीसा के सम्बलपुर से एम्बुलेंस वाहन में लोड करवाया गया था जिसे लेकर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले जा रहा था। सुल्तानपुर पहुंचने के बाद फोन के माध्यम से एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन को ले जाकर गांजा उतार लिया जाता तथा इसके एवज में अभियुक्त को पैसा दिया जाता था। अभियुक्त द्वारा बताया गया कि वह एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गांजा तस्करी का कार्य करता हैं तथा इससे प्राप्त लाभ को आपस में बांटकर अपने एवं परिवार के भरण-पोषण में उपयोग करता हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस व अन्य धाराओं में अग्रिम कार्यवाही की जा रही है। एम्बुलेंस को भी सीज कर दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / पीयूष त्रिपाठी



