सागर, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले के थाना रहली क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और परिजनों की समझदारी से एक 22 वर्षीय युवक की जान बच गई। खुशीपुरा तिराहा के पास अज्ञात कारणों से एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, जिसे समय रहते अस्पताल पहुँचा दिया गया।
पुलिस के अनुसार, घटना की जानकारी सोमवार को दोपहर 01:13 बजे भोपाल स्थित राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम में प्राप्त हुई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सागर पुलिस कंट्रोल रूम ने तुरंत रहली थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 को मौके पर रवाना किया। सूचना मिलते ही डायल-112 में तैनात प्रधान आरक्षक कपिल सिंह राजपूत और पायलेट रामचंद्र कुर्मी बिना किसी देरी के घटनास्थल पर पहुंचे।
मौके पर पहुँचने पर पता चला कि युवक ने फांसी का फंदा लगा लिया था। हालांकि, परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत फंदे से नीचे उतार लिया था, जिससे उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन वह घायल स्थिति में था। डायल-112 के जवानों ने स्थिति को समझते हुए बिना वक्त गंवाए घायल युवक और उसके परिजनों को अपनी एफआरव्ही (FRV) गाड़ी में बैठाया और शासकीय चिकित्सालय रहली पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में युवक का इलाज जारी है।
डायल-112 की इस त्वरित कार्रवाई से युवक को समय पर मेडिकल सुविधा मिल सकी। घटना के बाद सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपातकालीन स्थिति या मानसिक संकट के दौरान तत्काल डायल-112 पर संपर्क करें। पुलिस हर नागरिक की सुरक्षा और सहायता के लिए 24 घंटे तत्पर है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे





