चित्रकूट, 24 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने भरतकूप क्षेत्र से ई-रिक्शा चालक मनोज पाल के अपहरण की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक पैतृक संपत्ति पर कब्जे के विवाद में मनोज की हत्या की साजिश रची गई थी। आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, वारदात में प्रयुक्त कार और 2400 रुपये बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने प्रेसवार्ता कर बताया कि भरत कूप थाना क्षेत्र के बैहार गांव का निवासी मनोज पाल बीती 19 अगस्त को ई-रिक्शा लेकर कर्वी गया था। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनाें ने तलाश शुरू की। अगले दिन उसका ई-रिक्शा चौहान ढाबा के पास मिला। वहां मौजूद व्यक्ति ने बताया कि कुछ लोग मनोज को जबरन कार में बैठाकर ले गए थे। सूचना पर भरत कूप थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए एसओजी, सर्विलांस और भरत कूप पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में वारदात में प्रयुक्त कार सामने आने के बाद वाहन नंबर और मोबाइल नंबरों के आधार पर सुराग जुटाए गए। सोमवार तड़के एक सूचना पर गोंड़ा मोड़ के पास कार समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। इन आरोपितों में महोबा निवासी हिमांशु पाल, उसके पिता अनिल पाल तथा रोहित साहू और राजू पाल शामिल हैं। पूछताछ में हिमांशु ने पैतृक मकान पर कब्जे के लिए साजिश रचने की बात स्वीकार की। मुकदमे में हत्या, आपराधिक साजिश समेत अन्य धाराएं बढ़ाई गई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल





