बक्सर , 24 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध एवं शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 23 अगस्त को बक्सर पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए कुल 20 आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी 20 अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक लूट कांड में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। शराब से जुड़े मामलों में कुल 16 गिरफ्तारियां हुईं, जबकि शराब बरामदगी के दो मामले सामने आए। अभियान के दौरान 58.28 लीटर विदेशी शराब एवं 54 लीटर देशी शराब बरामद की गई।
इसके अलावा पुलिस ने तीन मोटरसाइकिल भी बरामद की। छह वारंटों का निष्पादन किया गया तथा वारंट में दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। वहीं, वाहन जांच अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 26 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण एवं अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra




