जयपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। जयपुर सेंट्रल जेल में चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान चार विचाराधीन बंदियों के पास से मोबाइल फोन बरामद किए गए। जेल प्रशासन की शिकायत पर लाल कोठी थाना पुलिस ने प्रिजन एक्ट की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मोबाइल जेल के अंदर कैसे पहुंचे और इनका इस्तेमाल किन गतिविधियों में किया जा रहा था।
सब इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि जेल प्रहरी अनिल कुमार की ओर से मोबाइल बरामदगी को लेकर मामला दर्ज कराया गया है। जेल में 22 अगस्त को दोपहर 12 से 1 बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया था। इस दौरान वार्ड नंबर 7 और वार्ड नंबर 4 की बैरकों में बंद विचाराधीन बंदियों की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वार्ड नंबर 4 की बैरक नंबर 1 में बंद विचाराधीन बंदी जुबैर पुत्र फकीर मोहम्मद पठान के कब्जे से गुलाबी रंग का ए-26 मॉडल मोबाइल बरामद हुआ।
इसी वार्ड की बैरक नंबर 3 की तलाशी में नमो नमो उर्फ नईमुद्दीन के कब्जे से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल बरामद किया गया। इसी बैरक में बंद योगेंद्र उर्फ योगराज सिंह के पास से गोल्डन रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन मिला।
इसके अलावा वार्ड नंबर 7 की बैरक नंबर 5 में बंद विचाराधीन बंदी विकास भाकल पुत्र रविन्द्र भाकल के कब्जे से सिल्वर रंग का ए-27 मॉडल मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पुलिस ने चारों मामलों में प्रिजन एक्ट की धारा 42 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच में मोबाइल फोन जेल के भीतर पहुंचने के तरीके और इनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं का पता लगाया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश




