मेदिनीपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ और बेलदा में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए। नारायणगढ़ में भाजपा की ओर से आदिवासी समाज के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को याद करते हुए पदयात्रा निकाली गई, जबकि बेलदा में अभया के न्याय और महिला एवं बाल सुरक्षा की मांग को लेकर कैंडल मार्च किया गया।
रविवार शाम नारायणगढ़ के बिरबिरा क्षेत्र में भाजपा की ओर से आयोजित पदयात्रा विधायक रमाप्रसाद गिरि की अगुवाई में निकाली गई। पदयात्रा बिरबिरा स्थित भाजपा कार्यालय से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरी। इसमें भाजपा के कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ स्थानीय लोगों ने भी भाग लिया। इस दौरान भारत छोड़ो आंदोलन सहित स्वतंत्रता संग्राम में आदिवासी समाज के वीर योद्धाओं के योगदान को याद किया गया और उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
पदयात्रा के बाद आदिवासी समाज के वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मान पत्र एवं अन्य सामग्री देकर सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। कार्यक्रम में भाजपा नेता नान्टू कुइल्या, ध्रुवज्योति हाजरा, चंदन कुइल्या और अभिजीत हाजरा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
दूसरी तरफ, रविवार देर शाम बेलदा शहर में महिला एवं बाल सुरक्षा समिति की ओर से अभया के न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। मार्च बेलदा-केशियाड़ी मोड़ से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों और बाजार क्षेत्र से होते हुए महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पहुंचकर समाप्त हुआ। हाथों में जलती मोमबत्तियां लेकर शामिल लोगों ने महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा रोकने तथा ऐसे मामलों में शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की मांग की। मेदनीपुर शहर में भी पंचूर चौक पर भी अभया को केंद्रित कर सभा का आयोजन किया गया था।
समिति की अध्यक्षा सुजाता जाना ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए आज भी सड़कों पर उतरना पड़ रहा है। उन्होंने अभया मामले में दोषियों को शीघ्र सजा देने तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।




