चमोली, 15 अगस्त (हि.स.)। टीएचडीसी टनल हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों के साथ राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ी है। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने शनिवार को हाट-सियासैण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी टनल में कार्यरत हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी के श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें सुनीं।
श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता, दीर्घकालिक आजीविका की व्यवस्था, घायलों को आर्थिक मदद एवं निःशुल्क उपचार और हादसे की निष्पक्ष जांच की मांग रखी। मंत्री ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान के साथ प्रभावित परिवारों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली और निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, परिजनों से समन्वय तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी न रहे।
इस दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय




