सिलीगुड़ी, 19 अगस्त (हि. स.)। तारापीठ और कोलकाता अग्निकांड के बाद सिलीगुड़ी के होटल, लॉज और गेस्टहाउस की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। शहर के जंक्शन और एनजेपी इलाकों में कई ऐसे होटल-लॉज सामने आए हैं, जहां आपातकालीन निकास और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर खामियां बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, शहर के 16 होटलों को अग्नि सुरक्षा में कमी के कारण नोटिस दिया गया है। इनमें ज्यादातर होटल एनजेपी और जंक्शन इलाके के बताए जा रहे हैं। हालांकि, नोटिस मिलने के बाद सुधार कर उसे हटाने के लिए अब तक किसी होटल ने आवेदन नहीं किया है।
सिलीगुड़ी होटलियर्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव उज्ज्वल घोष का दावा है कि शहर के करीब 95 फीसदी होटल अग्नि सुरक्षा के न्यूनतम नियमों का पालन करते हैं।
वहीं, दमकल विभाग का कहना है कि नियमित रूप से सुरक्षा ऑडिट किया जा रहा है और खामियां मिलने पर नोटिस जारी किए जाते हैं।
दमकल विभाग की जांच में कुछ होटलों में आपातकालीन रास्ते और अवैध निर्माण जैसी खामियां भी सामने आई हैं। अधिकारियों ने होटल प्रबंधन को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार





