शिवपुरी, 24 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर नगर के वार्ड नंबर 2 कोटिया मोहल्ले में रविवार की रात एक दुर्लभ पैंगोलिन घर में घुस आया। इसकी सूचना पर सर्पमित्र सलमान पठान और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाद में जंगल में छोड़ दिया।
सर्पमित्र सलमान पठान ने बताया कि यह जीव पैंगोलिन है, जिसे स्थानीय रूप में चींटीखोर भी कहते हैं। इसका शरीर कठोर शल्कों से ढका होता है और खतरा महसूस होने पर यह खुद को गेंद की तरह समेट लेता है। भारतीय पैंगोलिन मुख्य रूप से रात में सक्रिय रहता है और चींटियों व दीमक को खाता है।
पठान ने बताया कि पैंगोलिन एक दुर्लभ और संरक्षित वन्यजीव है। दुनिया के कई हिस्सों में तस्करी के कारण इसकी संख्या खतरे में है। पैंगोलिन के शल्कों और शरीर के अन्य हिस्सों की अवैध मांग के चलते इसका शिकार और तस्करी की जाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पैंगोलिन की अवैध तस्करी वन्यजीव संरक्षण के लिए एक गंभीर खतरा है।
पैंगोलिन के घर में मिलने के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई थी। इस दौरान सर्पमित्र सलमान पठान और वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों को नुकसान न पहुंचाने की अपील की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्र में आता है, तो उसे स्वयं पकड़ने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र गौतम
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर





