हैदराबाद, 24 अगस्त । तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सोमवार को अपनी तीन दिवसीय ब्रिटेन यात्रा पूरी कर हैदराबाद लौट आए। यात्रा के दौरान उन्होंने कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय, ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय और अन्य प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के प्रतिनिधियों के साथ मुलाकात कर तेलंगाना में शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री की यात्रा के दौरान कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय और इम्पीरियल कॉलेज लंदन समेत कई प्रमुख संस्थानों ने तेलंगाना के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के अवसर तलाशने में रुचि दिखाई। इन चर्चाओं में शैक्षणिक आदान-प्रदान, अनुसंधान, नवाचार तथा राज्य के युवाओं के लिए वैश्विक स्तर के अवसर उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।
रेवंत रेड्डी 20 अगस्त को ब्रिटेन के लिए रवाना हुए थे। उनकी यात्रा के अगले चरण में अमेरिका जाने की भी योजना थी, लेकिन केंद्र सरकार से अमेरिकी दौरे की अनुमति नहीं मिलने के बाद उन्होंने अपनी विदेश यात्रा को बीच में ही समाप्त कर स्वदेश लौटने का निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री ने रविवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से संकेत दिया था कि हैदराबाद लौटने के बाद वह राज्य से जुड़े लंबित मामलों पर प्राथमिकता के साथ ध्यान देंगे। लिहाजा, उनके स्वदेश लौटने के साथ ही अब राज्य में लंबित प्रशासनिक और राजनीतिक मुद्दों पर सरकार की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।




