राजगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटलबिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर रविवार को पीपल चौराहा स्थित उनकी प्रतिमा पर भाजपा ब्यावरा मंडल द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उनके राष्ट्रसेवा, सुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण को याद किया। राज्यमंत्री पंवार ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिन्होंने अपने व्यक्तित्व, विचारों और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण से देश के सार्वजनिक जीवन को नई दिशा दी। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र और जनता के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन, संवेदनशीलता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि अटल जी ने राजनीति में विचारों और सिद्धांतों को सर्वोच्च स्थान दिया। उनके ओजस्वी व्यक्तित्व, दूरदर्शी सोच और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता को देश हमेशा याद रखेगा। अटल जी के विचार और आदर्श आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करते रहेंगे। उनके बताए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बद्रीलाल यादव, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलवर यादव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जसवंत सिंह गुर्जर, गोपाल जाटव, पूर्व जिला महामंत्री अमित शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाहा, मंडल अध्यक्ष राजू यादव, महामंत्री दीपक समारे, अरविंद शर्मा, पार्षद विष्णु साहू, दिलीप गुप्ता, दिलीप भार्गव सहित वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं मातृशक्ति मौजूद रही। सभी ने अटल जी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक





