कठुआ, 16 अगस्त (हि.स.)। वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कठुआ की ओर से कांग्रेस और सोनिया गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा ने की।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष उपदेश अंडोत्रा, युवा नेता राजेश मेहता, देवेंद्र सिंह, अनिरुद्ध शर्मा, राहुल देव, भाजपा वरिष्ठ नेता प्रेम नाथ डोगरा, रविंद्र पठनिया सहित अन्यों ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं बल्कि देश के स्वतंत्रता संग्राम और करोड़ों भारतीयों की राष्ट्रभक्ति की भावना से जुड़ा राष्ट्रीय प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इसके सम्मान के साथ किसी भी प्रकार की कथित लापरवाही स्वीकार नहीं की जा सकती। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी वंदे मातरम के कथित अपमान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से पूरे मामले पर जनता के सामने स्पष्ट स्पष्टीकरण देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों और देशभक्ति से जुड़े विषयों पर राजनीति से ऊपर उठकर देश की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया


